
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा), 18 अक्टूबर : ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को नगर निगम की सेवाएं उनके घर के करीब उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए नगर निगम ऋषिकेश ने अपना जोनल कार्यालय बापू ग्राम में प्रारंभ किया है। शनिवार को नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने फीता काटकर जोनल कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, अमन कुमार, पार्षदगण और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

महापौर शंभू पासवान ने बताया कि “छोटी सरकार आपके द्वार” की भावना के तहत इस जोनल कार्यालय के खुलने से ग्रामीण क्षेत्र के 16 वार्डों को सीधा लाभ मिलेगा। अब ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों को नगर निगम के मुख्य कार्यालय (आईएसबीटी परिसर) तक नहीं जाना पड़ेगा। जोनल कार्यालय में जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार केंद्र संचालन तथा आने वाले समय में कर संग्रह, बिजली-पानी बिल जमा जैसे कार्य यहीं से संपादित किए जा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था की निगरानी और संचालन भी अब यहीं से किया जाएगा। विभिन्न विभागों के अधिकारी रोटेशन प्रणाली के तहत इस कार्यालय में बैठेंगे, जिसकी जानकारी शीघ्र ही जारी की जाएगी। महापौर ने कहा कि स्थानीय पार्षदों और जनता की लंबे समय से मांग थी कि ग्रामीण क्षेत्र में एक जोनल कार्यालय स्थापित किया जाए, जिसे अब पूरा किया गया है।

कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व महापौर शंभू पासवान, मुख्य नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, अमन कुमार और पार्षदों ने महात्मा गांधी, मीरा बेन, और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पार्षद सचवीर भंडारी, हर्ष वर्धन रावत (पिंटू), मुस्कान, सुरेन्द्र सिंह नेगी सूरी, राम कुमार संगर सहित कई पार्षद, नगर निगम कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।









