गोवर्धन पूजा पर विधायक डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल ने की पूजा-अर्चना, समाज में गौ-सेवा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल ने नगर क्षेत्र में आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों एवं भंडारों में भाग लेकर भगवान गोवर्धन से जनकल्याण और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
डॉ. अग्रवाल ने इस अवसर पर जयराम आश्रम, स्वामी नारायण आश्रम शीशम झाड़ी, दुर्गा मंदिर देहरादून रोड एवं नारायण मंदिर तिलक रोड में आयोजित भव्य कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं एवं संतजनों के साथ मिलकर गौ माता की सेवा की तथा गौ वंश को गौ ग्रास खिलाकर गौ-संरक्षण का संदेश दिया।
प्रकृति, पशु और मानव के संतुलन का प्रतीक है गोवर्धन पूजा: डॉ. अग्रवाल
विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति में प्रकृति, पशु और मानव के संतुलन का प्रतीक पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को उठाकर यह संदेश दिया कि प्रकृति की रक्षा और सेवा ही सच्ची पूजा है। उन्होंने कहा कि आज के समय में हमें भी पर्यावरण संरक्षण, जल-संवर्धन एवं गौ-संरक्षण जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
अन्नकूट भंडारे में की सहभागिता, श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद
डॉ. अग्रवाल ने आवास विकास वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित अन्नकूट भंडारे में भी सहभागिता की और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया। उन्होंने आयोजकों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में एकजुटता, सद्भाव और सेवा भावना को मजबूत करते हैं।
“गोवर्धन पूजा हमें कर्म के माध्यम से धर्म और प्रकृति के प्रति आस्था व्यक्त करने की प्रेरणा देती है”
विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें यह प्रेरणा देती है कि हम कर्म के माध्यम से धर्म और प्रकृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करें। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को इस पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गोवर्धन की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति का वास हो।
गौ-सेवा से जीवन में आती है मंगलता और सौभाग्य
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा आत्मिक शुद्धि और सेवा का पर्व है। इस दिन हमें अपने जीवन में निस्वार्थ सेवा, विनम्रता और श्रद्धा का संचार करना चाहिए। गौ माता की सेवा से जीवन में मंगलता और सौभाग्य की प्राप्ति होती है।









