पावकी देवी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो गहरी खाई में गिरी, तीन की मौत, दो गंभीर घायल
एसडीआरएफ ने रातभर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, कठिन परिस्थितियों में निकाले शव और घायलों को भेजा अस्पताल

टिहरी, 22 अक्टूबर : जनपद टिहरी के पावकी देवी मार्ग पर देर रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक स्कॉर्पियो वाहन (संख्या UK07AC3409) लगभग 200 से 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस चौकी गूलर से सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट व्यासी से उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
विवाह समारोह में जा रहे थे सभी युवक
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी पाँच युवक श्यामपुर घड़ी मेचक से पावकी देवी, ग्राम सभा नाई में एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
एसडीआरएफ ने रातभर चलाया रेस्क्यू अभियान
दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से रातभर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने खाई से तीन शवों और दो घायलों को बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शवों को जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया।
घायल:
1. निखिल रमोला, पुत्र श्री अनिल रमोला, उम्र 21 वर्ष, निवासी श्यामपुर ऋषिकेश।
2. तनुज पुंडीर, उम्र 26 वर्ष, निवासी श्यामपुर ऋषिकेश।
मृतक:
1. विमल कण्डियाल, पुत्र स्व. सूरवीर सिंह कण्डियाल, उम्र 31 वर्ष।
2. राहुल कलुड़ा, पुत्र स्व. रुस्तम सिंह कलुड़ा, उम्र 23 वर्ष।
3. आशिष कलुड़ा, पुत्र श्री राजकुमार कलुड़ा, उम्र 26 वर्ष।
(सभी निवासी श्यामपुर, ऋषिकेश)
यह दर्दनाक हादसा पूरे क्षेत्र में शोक का विषय बन गया है। स्थानीय लोग एवं प्रशासन ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।









