आवास विकास कॉलोनी में सत्रहवां भव्य अन्नकूट भंडारा सम्पन्न
गोवर्धन पूजा पर आवास विकास वेलफेयर एवं कल्चरल सोसाइटी ने किया आयोजन, विधायक डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल एवं महापौर शम्भू पासवान हुए शामिल


ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) 22 अक्टूबर : आवास विकास कॉलोनी ऋषिकेश में गोवर्धन पूजा के अवसर पर आवास विकास वेलफेयर एवं कल्चरल सोसाइटी द्वारा सत्रहवां भव्य अन्नकूट भंडारा बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। इस भंडारे में क्षेत्र के विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


गोवर्धन पूजा एवं भंडारे में विशेष रूप से नगर निगम महापौर शम्भू पासवान, पूर्व मेयर अनीता ममगाई, पूर्व पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा, व्यापार मण्डल सचिव प्रतिक कालिया सहित नगर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय निवासियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर भोजन प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर पूरे परिसर में धार्मिक भक्ति और सामूहिक सद्भाव का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम की सफलता के लिए उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने समिति के संरक्षक प्रेम कुमार चंदानी एवं सरदार गुरमेल सिंह, अध्यक्ष एवं संस्थापक मनोज कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष रमाकांत गुप्ता, जोगेंद्र सिंह, एस.पी. अग्रवाल, पूरन सिंह, ऋषि अग्रवाल सहित समस्त समिति पदाधिकारियों और सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता और सेवा भावना को सशक्त करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
भंडारे के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने गोवर्धन भगवान की आरती में भाग लेकर सामूहिक रूप से भक्ति और सेवा का संदेश दिया।









