पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल के कैम्प कार्यालय में सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित
राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रतीक लौह पुरुष को नमन, उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) 31 अक्तूबर : पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल के ऋषिकेश स्थित कैम्प कार्यालय में आज भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंत्री अग्रवाल सहित उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल ने कहा कि सरदार पटेल भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक थे जिन्होंने अपने अदम्य साहस, अटूट देशभक्ति और दृढ़ इच्छाशक्ति से देश की 562 रियासतों का एकीकरण कर भारत की नींव को मजबूत बनाया। उन्होंने कहा कि पटेल जी की एकता, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना सदैव हम सबको प्रेरित करती रहेगी।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सौहार्द को बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में देश की प्रगति और समृद्धि की कामना करते हुए “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का नारा लगाया गया।









