उत्तराखंडदेहरादूनसमीक्षा बैठक

राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल की समीक्षा बैठक, प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

एफआरआई परिसर में स्थल निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सौंपे दायित्व, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्थाओं पर विशेष जोर

देहरादून (दिलीप शर्मा) : राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियों की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी सविन बंसल ने मंगलवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल एफआरआई परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि यह आयोजन जनपद के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के रजत जयंती वर्ष को यादगार बनाने के लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण समर्पण एवं आपसी तालमेल के साथ करें।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के आगमन पर कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, सिटिंग अरेंजमेंट, यातायात नियंत्रण, स्वच्छता, जलपान, पार्किंग, अतिथि सत्कार, चिकित्सा सुविधा तथा मीडिया प्रबंधन से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर आगंतुकों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य नगर आयुक्त नमामि बंसल, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी मसूरी राहुल कुमार, सदर हरी गिरी, कुमकुम जोशी, निदेशक ग्रामीण विकास अभिकरण विक्रम सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढोंडियाल, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ओमपाल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल सहित स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, जलसंस्थान, वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button