
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज-ऋषिकेश और सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज-आवास विकास के बीच खेले गए मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ने 31 रनों से शानदार जीत दर्ज की। मैच की शुरुआत दोनों टीमों के कप्तानों—श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के भगवती प्रसाद जोशी और सरस्वती विद्या मंदिर के अनिल भंडारी—के बीच हुए टॉस से हुई, जिसमें श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
निर्धारित 15 ओवर के मुकाबले में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए 162 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कप्तान भगवती प्रसाद जोशी ने नाबाद 55 रन की शानदार पारी खेली। उप कप्तान पवन कुमार ने 42 रन का योगदान दिया, जबकि कुलदीप ने 35 रन जोड़े।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 131 रन पर ऑल आउट हो गई। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज की ओर से ओपनिंग गेंदबाज सुनील थपलियाल ने तीन अहम विकेट चटकाए। वहीं किशन और कुलदीप ने दो-दो विकेट लिए और विवेक ने एक विकेट अपने नाम किया।
रोमांचक मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज-ऋषिकेश ने 31 रन से मैच जीत लिया।









