टिहरी में बड़ा हादसा: 120 मीटर गहरी खाई में गिरे ट्रक से SDRF ने घायल युवक को जीवित निकाला
कठिन भू-भाग में चला रेस्क्यू ऑपरेशन, SDRF टीम ने दिखाया साहस; गंभीर रूप से घायल अरविंद सिंह नेगी को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया

ऋषिकेश, 17 नवम्बर(दिलीप शर्मा) : जनपद टिहरी के कोटी कॉलोनी क्षेत्र में आज बड़ा सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार कोटी कॉलोनी से लगभग 03 किमी आगे मद्रासी कॉलोनी के पास एक टाटा 709 ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 120 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना SDRF पोस्ट कोटी कॉलोनी को मिलते ही टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।
अपर उप निरीक्षक महावीर सिंह चौहान के नेतृत्व में SDRF टीम घटनास्थल पर पहुँची, जहां पाया गया कि ट्रक में सवार एक युवक खाई में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और दुर्गम भू-भाग के बीच SDRF जवानों ने रस्सियों की मदद से गहरी खाई में उतरकर घायल व्यक्ति तक पहुंच बनाई।
टीम ने सूझबूझ और जोखिम उठाते हुए घायल को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार प्रदान करने के बाद उसे एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। घायल की पहचान अरविन्द सिंह नेगी, पुत्र शेर सिंह नेगी, निवासी—इन्दर कांडीखाल के रूप में हुई है।
SDRF रेस्क्यू टीम:
- ADSI महावीर सिंह चौहान (टीम प्रभारी)
- HC 1553 शैलेन्द्र चमोली
- HC 1615 रमेश उनियाल
- Ct 4209 नीरज खंडूरी
- Ct 1707 अनिल नेगी
- Ct 4422 कविन्द्र सिंह
- Ct (Driver) रंजीत सिंह
हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि SDRF के त्वरित और प्रभावी रेस्क्यू कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।









