
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने आज ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में लगभग 106 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन बहुमंज़िला पार्किंग परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना सात मंज़िला अत्याधुनिक पार्किंग सुविधा के साथ शीर्ष तल पर नगर निगम के आधुनिक कार्यालय के निर्माण को भी शामिल करती है।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि मंत्री रहते हुए एम.डी.डी.ए. के अंतर्गत स्वीकृत यह योजना उनकी स्वप्निल एवं प्राथमिक परियोजनाओं में से एक रही है, जो अब तेजी से मूर्त रूप ले रही है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा शहर की गंभीर पार्किंग समस्या का दीर्घकालिक समाधान प्रदान करेगी और नगर निगम की कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने में भी सहायक सिद्ध होगी।
लापरवाही पर जताई नाराज़गी, अधिकारियों को लगाई फटकार
निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने निर्माण कार्य में दिखी लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद इस परियोजना को प्राथमिकता के साथ तेज गति दी जाएगी, ताकि इसे जल्द ही जनता को समर्पित किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी तालमेल बढ़ाने तथा श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण एवं जूते उपलब्ध कराने के लिए भी तत्काल निर्देशित किया।
परियोजना बनेगी शहर के यातायात प्रबंधन का आधार स्तंभ
डॉ. अग्रवाल ने विश्वास जताया कि यह बहुमंज़िला पार्किंग परियोजना ऋषिकेश में यातायात प्रबंधन और शहरी विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि इसके बनने से मुख्य बाजारों में ट्रैफिक दबाव कम होगा और शहर को आधुनिक शहरी सुविधाएं मिलेंगी।
अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान महापौर शम्भू पासवान, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, नगर निगम के अधिशासी अभियंता दिनेश उनियाल, उपखंड अधिकारी विद्युत अर्चित कुमार, यूआईडीबी के निशित श्रीवास्तव, एमडीडीए के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, महालक्ष्मी कंस्ट्रक्शन के निदेशक राकेश शर्मा, वैपकोस लिमिटेड के निदेशक मनजीत सिंह सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महामंत्री नितिन सक्सेना, पूर्व पार्षद शिव कुमार गौतम, पार्षद अजय दास, पार्षद आशु डंग, जिला मंत्री सुमित पंवार, पूर्व पार्षद सोनू पांडेय, अखिलेश मित्तल, विशाल शाही, राम सिंह पंवार, चंदू यादव, सुजीत यादव, फेरू जगवानी, नंद किशोर जाटव, प्रदीप कोहली, राजेंद्र बिजलवान, संजय कक्कड़, निवेदिता सरकार, राधे जाटव आदि उपस्थित रहे।









