गोवा बीच पर नहाते समय युवक बहा, SDRF और जल पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
अभिषेक को राफ्ट दल ने बचाया, पिंटू शर्मा अब भी लापता; SDRF ने बैराज तक खोज अभियान तेज किया

ऋषिकेश,23 नवम्बर (दिलीप शर्मा) : आज दोपहर लगभग 3:12 बजे चौकी लक्ष्मणझूला क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब नोएडा से घूमने आए युवकों का एक समूह गोवा बीच पर नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आ गया। सूचना देने पहुंचे मयंक गौतम पुत्र अनिल कुमार, निवासी सेक्टर-35 नोएडा ने बताया कि वह अपने मित्रों अक्षय (18), अभिषेक शर्मा (18) और पिंटू शर्मा (24) के साथ ऋषिकेश घूमने आए थे।
नहाने के दौरान अचानक अभिषेक और पिंटू नदी के तेज प्रवाह में बहने लगे। घटनास्थल से गुजर रही एक राफ्ट की टीम ने तत्परता दिखाते हुए अभिषेक को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन पिंटू शर्मा नदी में लापता हो गया।
सूचना मिलते ही जल पुलिस, थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। SDRF के गोताखोरों द्वारा नदी की गहराई में उतरकर पिंटू की तलाश शुरू कर दी गई है। सर्च अभियान को पशुलोक बैराज तक विस्तारित किया जा रहा है। टीम संभावित सभी स्थलों पर लगातार तलाशी कर रही है।
एसडीआरएफ और जल पुलिस ने स्थानीय लोगों व पर्यटकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित घाटों पर बिल्कुल भी न उतरें तथा चेतावनी बोर्डों का कड़ाई से पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।









