कुंजापुरी–हिंडोलाखाल के पास बस खाई में गिरी, SDRF की 5 टीमें रेस्क्यू में जुटीं
28 यात्री सवार, पांच की मौत की पुष्टि, घायलों को अस्पताल भेजा गया

टिहरी गढ़वाल, 24 नवंबर(दिलीप शर्मा) : जनपद टिहरी के नरेन्द्रनगर क्षेत्रान्तर्गत कुंजापुरी–हिंडोलाखाल के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीर्थयात्रियों से भरी एक बस लगभग 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस में 28 यात्रियों के सवार होने की जानकारी मिली है। सूचना मिलते ही SDRF उत्तराखंड की पाँच टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर रवाना की गईं।
SDRF नियंत्रण कक्ष के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देशानुसार पोस्ट ढालवाला, कोटि कॉलोनी व वाहिनी मुख्यालय से टीमों को तत्काल घटनास्थल भेजा गया।
5 यात्रियों की मौके पर मौत, रेस्क्यू जारी
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे में पाँच यात्रियों की घटनास्थल पर ही मृत्यु की पुष्टि हुई है। SDRF टीमों ने सभी घायलों को सुरक्षित रूप से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सभी यात्री बाहरी राज्यों के
मिली सूचना के अनुसार बस में सवार सभी यात्री बाहरी राज्यों से बताए जा रहे हैं। SDRF, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमों का सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।
अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।









