
ऋषिकेश, 02 दिसंबर (दिलीप शर्मा) : दशम पातशाह श्री गुरू गोबिंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों तथा आगामी वार्षिक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों को लेकर आज मंगलवार को गुरूद्वारा परिसर, लक्ष्मण झूला रोड़ में नगर के गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित की गई। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लेकर कार्यक्रमों की रूपरेखा पर अपने सुझाव साझा किए।
प्रकाश पर्व 27 दिसंबर को
गुरूद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि गुरू महाराज का प्रकाश पर्व 27 दिसंबर 2025 को गुरूद्वारा श्री हेमकुण्ट साहिब, लक्ष्मणझुला रोड़, ऋषिकेश में श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व पर शहर भर की संगत को गुरूघर की खुशियों में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रण है।
11 जनवरी को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
बिन्द्रा ने जानकारी दी कि ट्रस्ट द्वारा 11 जनवरी 2026, रविवार को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक वार्षिक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच, परामर्श तथा आवश्यक जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर में ब्रेस्ट स्क्रीनिंग, आधुनिक मशीनों द्वारा सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग व कोल्पोस्कोपी की सुविधा रहेगी। साथ ही आवश्यकता अनुसार एक्स-रे, ईसीजी, लिवर टेस्ट तथा अन्य पैथोलॉजिकल जांचें भी की जाएंगी। ट्रस्ट द्वारा मरीजों को निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
रक्तदान करने के इच्छुक व्यक्तियों के लिए शिविर में अलग से रक्तदान सुविधा भी रहेगी।
पंजीकरण 6 से 9 जनवरी तक
स्वास्थ्य शिविर के लिए पंजीकरण 6, 7, 8 और 9 जनवरी को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक गुरूद्वारा परिसर में कराया जा सकेगा। बिन्द्रा ने विशेष अपील करते हुए कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति समय से पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर का लाभ उठा सकें।
गणमान्य व्यक्तियों ने की पहल की सराहना
बैठक में उपस्थित नगर के प्रमुख व्यक्तियों ने गुरूपर्व आयोजन तथा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की पहल की प्रशंसा की और संपूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पूर्व महापौर अनीता ममगाईं, राजपाल खरोला, नगरपालिका पूर्व अध्यक्ष दीप शर्मा, मदनमोहन शर्मा, अमृतलाल कालड़ा, विनोद शर्मा, मंगा सिंह, विरेन्द्र शर्मा, विक्की सेठी, विनय उनियाल, हरविंदर सिंह, तेजिन्द्र सिंह, राजकुमार तलवार, महंत सर्वेन्द्र सिंह, कुलवंत सिंह, महेन्द्र सिंह, अमरजीत सिंह, रूप सिंह, वी.एन. खन्ना, सूरज गुलाटी, हरीश आनंद, राजेन्द्र सिंह, इन्द्र कुमार गोदवानी, बूटा सिंह, महंत रवि प्रपन्नाचार्य, महंत बलबीर सिंह, भारत भूषण, गगन बेदी, गुरबचन सिंह, विमला रावत, त्रिलोक कक्कड़, देवेन्द्र सिंह सहित गुरूद्वारा ट्रस्ट के पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
बिन्द्रा ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रकाश पर्व और स्वास्थ्य शिविर दोनों समाजहित के महत्वपूर्ण आयोजन हैं, जिनमें नगरवासियों की सहभागिता इन कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावशाली बनाएगी।









