पी.टी.ए. शिक्षकों ने विधायक डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल को सौंपा ज्ञापन
सेवा नियमितीकरण हेतु कट-ऑफ तिथि बढ़ाने की मांग

ऋषिकेश, 09 दिसंबर (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में आज अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत पी.टी.ए. शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया तथा अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि पी.टी.ए. शिक्षकों के सेवा नियमितीकरण एवं लाभ प्रदान करने के लिए निर्धारित कट-ऑफ तिथि 30 जून 2018 से बढ़ाकर 30 जून 2025 की जाए, जिससे लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों को न्याय मिल सके तथा उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
मामले की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए विधायक डॉ. अग्रवाल ने तत्काल शिक्षा सचिव से दूरभाष पर वार्ता की और शीघ्र व सकारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि शिक्षकों के हितों की रक्षा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षक समाज की नींव हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पी.टी.ए. शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और राज्य सरकार को उनके योगदान को देखते हुए जल्द उचित निर्णय लेना चाहिए।









