
ऋषिकेश, 25 दिसंबर (दिलीप शर्मा): बुधवार को रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में रविंद्र मिश्रा एवं उनकी पार्टनर साध्वी श्रीवास्तव के पति मनीष श्रीवास्तव ने चेतन सिंह नेगी द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि चेतन सिंह नेगी का उनके रिजॉर्ट से किसी भी प्रकार का साझेदारी संबंध नहीं रहा है।
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि मोहन चट्टी स्थित जोगियाना में उनका एक रिजॉर्ट है, जिसे उन्होंने भू-स्वामी केसर सिंह विष्ट से 12 वर्षों के लिए लीज पर लिया है। प्रारंभ में रिजॉर्ट में तीन पार्टनर थे, जिनमें से एक ने निजी कारणों से पार्टनरशिप छोड़ दी। वर्तमान में केवल रविंद्र मिश्रा और साध्वी श्रीवास्तव ही इसके पार्टनर हैं।
रविंद्र मिश्रा ने स्पष्ट किया कि 3 मई 2022 को अक्षय तृतीया के दिन रिजॉर्ट का शुभारंभ किया गया था। उस समय चेतन सिंह नेगी रिजॉर्ट में केवल एक कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। उन्होंने कहा कि चेतन सिंह नेगी द्वारा स्वयं को पार्टनर बताना पूरी तरह से गलत और भ्रामक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चेतन सिंह नेगी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर रिजॉर्ट को लीज पर देने का प्रयास किया तथा किराया भी धोखाधड़ी से अपने खाते में जमा कराया। जब इस मामले की जानकारी उन्हें हुई और उन्होंने आपत्ति जताई, तो चेतन सिंह नेगी ने उन्हें धमकाने का प्रयास किया।
रविंद्र मिश्रा ने आगे कहा कि चेतन सिंह नेगी के खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद वह उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है तथा बिना किसी तथ्य के लगातार झूठे आरोप लगा रहा है।
उन्होंने कहा कि 19 दिसंबर 2025 को चेतन सिंह नेगी द्वारा की गई प्रेस वार्ता में लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं और इस पूरे मामले में वे कानूनी कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र हैं।









