उत्तराखंडजनहितदेहरादून

मुख्यमंत्री धामी ने 4224 श्रमिकों को 12.89 करोड़ की डीबीटी राशि की हस्तांतरण, 191 सीएससी में विशेष श्रमिक सेवा व्यवस्था का शुभारंभ

भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के तहत श्रमिकों को मिली आर्थिक सहायता, पंजीकरण और सेवाएं अब गांव-तहसील स्तर पर होंगी सुलभ

देहरादून, 27 दिसम्बर(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत 4224 श्रमिक लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 12 करोड़ 89 लाख 85 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य के 191 कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) में श्रमिकों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक राज्य के विकास की सबसे मजबूत नींव हैं और बुनियादी ढांचे के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। राज्य सरकार श्रमिकों और उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों को आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और सम्मानजनक जीवन प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सीएससी में शुरू की गई विशेष व्यवस्था से अब श्रमिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ब्लॉक, तहसील और गांव स्तर पर ही पंजीकरण, नवीनीकरण और योजनाओं से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। साथ ही श्रमिकों और उनके आश्रितों की आजीविका सुदृढ़ करने के लिए कौशल विकास और प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा विगत छह माह में अब तक 51 करोड़ रुपये की धनराशि श्रमिकों एवं उनके परिजनों के खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है। पूर्व में विकासखंड स्तर पर भी पंजीकरण और नवीनीकरण की व्यवस्था शुरू की गई है।

कार्यक्रम में श्रम आयुक्त पी.सी. दुम्का ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बोर्ड श्रमिक हितों के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और भविष्य में भी सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि के विजन के अनुरूप योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

इस अवसर पर अध्यक्ष राज्य संविदा श्रम सलाहकार बोर्ड कैलाश पंत, उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त धर्मराज, आईटी एक्सपर्ट श्रीमती दुर्गा चमोली सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button