उत्तराखंडऋषिकेशबसंतोत्सव

ऋषिकेश में बसंतोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ, पूजा-अर्चना व ध्वजारोहण के साथ हुआ आगाज

श्री भरत मंदिर झंडा चौक में 20 से 25 जनवरी तक चलेंगे सांस्कृतिक व खेलकूद कार्यक्रम, पहले दिन मैराथन दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित

ऋषिकेश, 20 जनवरी (दिलीप शर्मा): श्री भरत मंदिर झंडा चौक द्वारा आयोजित बसंतोत्सव 2026 का शुभारंभ मंगलवार को विधिवत पूजा-अर्चना एवं ध्वजारोहण के साथ भव्य रूप से किया गया। प्रातःकाल श्री भरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज ने धार्मिक विधि-विधान के साथ ध्वज फहराकर छह दिवसीय बसंतोत्सव का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज ने कहा कि बसंतोत्सव हमारी सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है, जिसके माध्यम से युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और खेलकूद गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए सफल आयोजन की कामना की।

कार्यक्रम में आयोजन समिति के संयोजक दीप शर्मा, हर्षवर्धन शर्मा, वरुण शर्मा, विनय उनियाल, महंत रवि प्रपन्नाचार्य, मेजर गोविंद सिंह रावत, रंजन अंथवाल, अशोक रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद मंदिर परिसर में उत्सव का वातावरण देखने को मिला।

बसंतोत्सव के पहले दिन मैराथन दौड़ के साथ विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विद्यालयों के छात्र-छात्राएं बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। आगामी दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, क्रीड़ा प्रतियोगिताएं एवं अन्य पारंपरिक आयोजन भी आयोजित किए जाएंगे।

आयोजन समिति ने बताया कि 20 से 25 जनवरी तक चलने वाले इस बसंतोत्सव का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और क्षेत्र में सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाना है।

Related Articles

Back to top button