उत्तराखंड

चमोली में नाबालिगों का यौन उत्पीड़न: अतिथि शिक्षक 12 घंटे में बिजनौर से गिरफ्तार

राजस्व क्षेत्र का मामला, नियमित पुलिस को सौंपी गई विवेचना; आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

चमोली :  जनपद चमोली के एक राजकीय इंटर कॉलेज में दो नाबालिग छात्रों के यौन उत्पीड़न के आरोपित अतिथि प्रवक्ता को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के बिजनौर से दबोच लिया। आरोपी को जिला एवं सत्र न्यायाधीश चमोली की अदालत में पेश किए जाने के बाद 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया है।

मामला ऐसे आया सामने

30 नवंबर 2025 को पीड़ित पक्ष के परिजनों ने कोतवाली चमोली में तहरीर दी थी कि विद्यालय में कार्यरत अतिथि प्रवक्ता युनूस अंसारी परीक्षा में फेल करने की धमकी देकर उनके नाबालिग पोते तथा विद्यालय की एक अन्य नाबालिग छात्रा का यौन उत्पीड़न कर रहा था। तहरीर के आधार पर प्रकरण को जीरो एफआईआर में दर्ज कर राजस्व क्षेत्र होने के कारण नायब तहसीलदार को प्रेषित किया गया। राजस्व उपनिरीक्षकों के कार्य बहिष्कार के चलते मुकदमा अपराध संख्या 02/2025 धारा 74, 78 भारतीय न्याय संहिता तथा 5(c)/6, 9/10 पोक्सो एक्ट के तहत पंजीकृत किया गया।

राजस्व से नियमित पुलिस को हस्तांतरण

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने तत्काल विवेचना राजस्व पुलिस से नियमित पुलिस को हस्तांतरित कर महिला उपनिरीक्षक मीता गुँसाई को सौंपी।

12 घंटे में गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की।
टीम ने सर्विलांस, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। तकनीकी इनपुट्स से मिली लोकेशन पर कार्रवाई करते हुए 1 दिसंबर 2025 को पुलिस टीम ने जलालाबाद, बिजनौर (यूपी) में दबिश देकर आरोपी युनूस अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।

बयान, मेडिकल और स्थल निरीक्षण

विवेचक ने विद्यालय स्टाफ, प्रधानाचार्य और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों और संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए गए। पीड़ितों व अभियुक्त का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है।

पुलिस अधीक्षक ने की प्रशंसा

एसपी पंवार ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नाबालिगों के साथ यौन उत्पीड़न जैसे जघन्य अपराध में तीव्र कार्रवाई कर आरोपी को दूसरे राज्य से भी 12 घंटे में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को ₹2500 के नगद पुरस्कार की घोषणा की।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

1. वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रकाश

2. कांस्टेबल पंकज मैखुरी

3. कांस्टेबल संजय

4. हेड कांस्टेबल अंकित पोखरियाल (सर्विलांस सेल)

5. कांस्टेबल राजेंद्र रावत (सर्विलांस सेल)

Related Articles

Back to top button