उत्तराखंड

सफाई अपनाओ-बीमारी भगाओ अभियान के तहत पूर्णानंद स्कूल में स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

टिहरी / मुनिकीरेती (ऋषिकेश ), 10 जुलाई 2025 – नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा “सफाई अपनाओ-बीमारी भगाओ” अभियान के तहत बृहस्पतिवार को पूर्णानंद पब्लिक स्कूल में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्मार्ट क्लास के माध्यम से छात्र-छात्राओं को स्वच्छता, प्लास्टिक के दुष्प्रभावों एवं मानसून के दौरान होने वाले संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी के निर्देशन में आयोजित इस द्वितीय चरण के कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी सफाई निरीक्षक कैलाश चंद्र सेमवाल ने किया। इस दौरान पालिका की टीम ने बच्चों को प्लास्टिक की उत्पत्ति, इसके प्रयोग से होने वाले दुष्परिणामों एवं पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी।

 

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता से जुड़ी एक क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संतोषजनक प्रदर्शन किया। टीम ने बच्चों को स्वच्छ रहने की आदतें अपनाने, गंदगी से बचने और मानसून के समय डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए।

इस अवसर पर सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण, आईईसी टीम के सदस्य प्रज्जवल शर्मा, मनीष भट्ट, अंकित जगूड़ी, सुनील सिंह समेत विद्यालय की प्रधानाचार्य संगीता गोयल, शिक्षिका गगनदीप कौर, प्रियंका तिवारी, दीपक सेमवाल, अनिरुद्ध, पवन चौबे और मनीष सिलोड़ी सहित अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

नगर पालिका की यह पहल स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button