ऋषिकेश, 6 अगस्त – पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के चलते गंगा और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार सुबह त्रिवेणी घाट पर गंगा का जलस्तर 340.20 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी रेखा 339.50 मीटर को पार कर चुका है और अब खतरे के निशान 340.50 मीटर से मात्र 30 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।
एसडीआरएफ के प्रभारी निरीक्षक कवींद्र सजवाण और जल पुलिस के हेड कांस्टेबल हरीश गुसांई ने जानकारी देते हुए बताया कि गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। त्रिवेणी घाट पर स्थित गंगा आरती स्थल पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। प्रशासन ने एहतियातन गंगा किनारे न जाने की अपील की है। पुलिस लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को सचेत कर रही है।
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम अलर्ट मोड पर हैं। आम जनता से अपील की गई है कि वे गंगा किनारे या जलधाराओं के पास न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।










