जनता दरबार में 70 से अधिक शिकायतें, जिलाधिकारी ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
पेयजल, शिक्षा, विद्युत, वन और सड़क से जुड़े मामलों पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश




नई टिहरी(दिलीप शर्मा) 21 सितंबर जिला सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। इस दौरान जनपदवासियों की समस्याएं सुनी गईं और 70 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। शिकायतें पेयजल, ग्राम पंचायत, विद्युत, वन, शिक्षा और लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित रहीं।

जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा निस्तारित मामलों को पोर्टल पर तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए।

जनता दरबार में तिवाड़गांव-मरोड़ा की संजायत भूमि के टिहरी झील में डूबने के एवज में भूमि आवंटन, बौराड़ी में सार्वजनिक शौचालय का ताला खुलवाने, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोरदी तथा अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज शिलारी में शिक्षकों की कमी और जाखणीखाल-बैरिल-शिवाली मोटर मार्ग से मकान को उत्पन्न खतरे से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, डीडीओ मो. असलम सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।





