उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

25 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 45 प्रशिक्षार्थियों को मिला अप्रेंटिसशिप का अवसर

नेशनल अप्रेंटिस मेला-2026 में 113 आईटीआई प्रशिक्षार्थियों के हुए साक्षात्कार, विभिन्न ट्रेडों में कंपनियों ने किया चयन

नई टिहरी(दिलीप शर्मा): 21 सितंबर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नई टिहरी में सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय हीरा सिंह चौहान की स्मृति में नेशनल अप्रेंटिस मेला-2026 का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों ने प्रतिभाग कर आईटीआई प्रशिक्षार्थियों को अप्रेंटिसशिप के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत एवं आईटीआई नई टिहरी के प्रधानाचार्य आशुतोष उनियाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान संस्थान के प्रशिक्षार्थियों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।

अप्रेंटिस मेले में पैनासोनिक, यूपीपीसीएल, जल संस्थान, एमबीआईओ इन्फोसिस सहित कुल 25 कंपनियों एवं संस्थानों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने व्यवसाय, फिटर, वेल्डर, विद्युतकार, कोपा, स्टेनोग्राफी सहित विभिन्न ट्रेडों से जुड़े करीब 113 प्रशिक्षार्थियों के साक्षात्कार लिए। साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद 45 प्रशिक्षार्थियों का चयन अप्रेंटिसशिप के लिए किया गया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य आशुतोष उनियाल ने प्रशिक्षार्थियों को अप्रेंटिसशिप की प्रक्रिया, इसके महत्व और इससे मिलने वाले रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ औद्योगिक वातावरण में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। उन्होंने मेले में कंपनियों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों की सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में अप्रेंटिस/प्लेसमेंट अधिकारी कुलदीप सिंह रावत, अनुदेशक शिल्पी, कार्यदेशक प्रीति, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मंजुला रावत सहित संस्थान के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्टाफ मौजूद रहा। इसके अलावा अनुदेशक अमित बहुगुणा, अमित सैनी, मुकेश तोमर, राजेशलाल, अनिता शाही, मनवीर सिंह, सुनील असवाल और शिवानी पंवार सहित अन्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button