1.30 किलो चरस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, इनोवा कार समेत नकदी और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद
डिजिटल लेनदेन की जांच में सप्लाई नेटवर्क के मिले सुराग, चमोली के दो संदिग्ध सप्लायरों तक पहुंची पुलिस की जांच




मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मुनिकीरेती पुलिस ने तपोवन बैरियर पर चेकिंग के दौरान एक इनोवा कार से 1 किलो 300 ग्राम अवैध चरस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक बैटरीयुक्त तराजू और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। बरामद चरस के परिवहन में प्रयुक्त इनोवा कार को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा 20 सितंबर को तपोवन बैरियर पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान कार से बरामद हुई चरस
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान नीर गड्डू की ओर से आ रही इनोवा कार संख्या UK07AC4846 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 1 किलो 300 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कार सवार यथार्थ मिश्रा (22) निवासी आवास विकास कॉलोनी, ऋषिकेश और हिमांशु बेरी (51) निवासी खड़खड़ी, हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना मुनिकीरेती में धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गूगल-पे लेनदेन से सामने आया सप्लाई नेटवर्क
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद चरस उर्गम, जनपद चमोली निवासी दिगम्बर पंवार और गजेन्द्र रावत से खरीदकर लाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी हिमांशु बेरी के मोबाइल फोन में उपलब्ध गूगल-पे लेनदेन की जांच की।
पुलिस के मुताबिक, मोबाइल में दिगम्बर पंवार और गजेन्द्र रावत को धनराशि भेजे जाने संबंधी डिजिटल लेनदेन का विवरण मिला है। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों का सत्यापन कर रही है। साथ ही चरस की खरीद-फरोख्त, सप्लाई के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह सामान हुआ बरामद
- 1 किलो 300 ग्राम अवैध चरस
- 50 हजार रुपये नकद
- 1 इलेक्ट्रॉनिक बैटरीयुक्त तराजू
- 2 मोबाइल फोन
- 1 इनोवा कार संख्या UK07AC4846
गिरफ्तार आरोपी
यथार्थ मिश्रा (22 वर्ष) — पुत्र स्व. योगेश पाल, निवासी आवास विकास कॉलोनी, थाना ऋषिकेश, जनपद देहरादून।
हिमांशु बेरी (51 वर्ष) — पुत्र अशोक कुमार बेरी, निवासी वार्ड नंबर 04, खड़खड़ी, थाना कोतवाली नगर, जनपद हरिद्वार।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान, एसएसआई योगेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक प्रवीन रावत, उपनिरीक्षक आशीष रावत, हेड कांस्टेबल l और कांस्टेबल 134 कपिल, थाना मुनिकीरेती शामिल रहे।





