उत्तराखंडऋषिकेशसमीक्षा बैठक

नए नगर निगम कार्यालय भवन के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

महापौर शम्भू पासवान ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, तकनीकी एवं व्यावहारिक बाधाओं का प्राथमिकता से समाधान करने को कहा

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा),22 सितंबर नगर निगम ऋषिकेश के नवीन कार्यालय भवन निर्माण कार्य की प्रगति को लेकर मंगलवार को महापौर कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर शम्भू पासवान ने की। बैठक में निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कार्य की वर्तमान स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान नवीन कार्यालय भवन के निर्माण में सामने आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि नगर निगम के नवीन कार्यालय भवन का निर्माण महत्वपूर्ण एवं जनहित से जुड़ा कार्य है। इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण में आ रही बाधाओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन कराने तथा तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रगति की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जा सके।

बैठक में एमडीडीए से शशांक सक्सेना, जल संस्थान के एसडीओ रूपेश चंद, उप नगर आयुक्त अंकिता जोशी, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, निर्माणाधीन भवन के अभियंता सहित नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button