

देहरादून, 20 मार्च (दिलीप शर्मा): उत्तराखंड की राजनीति में आज एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया। राजधानी देहरादून स्थित राजभवन में आयोजित गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल) ने पांच नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ लेने वाले नेताओं में खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैडा शामिल रहे। इस मौके पर राज्य सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह की विशेष बात यह रही कि मंत्री भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत भाषा में शपथ ग्रहण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी इस पहल को सांस्कृतिक और पारंपरिक मूल्यों से जुड़ा एक सकारात्मक संदेश माना जा रहा है।
मंत्रिमंडल विस्तार को आगामी राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे सरकार के कार्यों में गति आने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह विस्तार क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जिससे सरकार की कार्यशैली और अधिक प्रभावी हो सकेगी।










