एम्स ऋषिकेश के नाम पर भर्ती ठगी का पर्दाफाश, दोषियों पर होगी सख्त कानूनी कार्यवाही
फर्जी फेसबुक पेज से नौकरी के नाम पर मांगे जा रहे आवेदन, संस्थान ने जनता को किया सतर्क


ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS ) ऋषिकेश में भर्ती के नाम पर हो रही ठगी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संस्थान प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में अब संबंधित लोगों के खिलाफ ठोस और कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
संस्थान के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक फर्जी फेसबुक पेज के माध्यम से एमटीएस, ऑफिस अटेंडेंट और वार्ड अटेंडेंट जैसे पदों पर भर्ती के नाम पर आवेदन मांगे जा रहे हैं, जबकि संस्थान द्वारा इस प्रकार की कोई भर्ती प्रक्रिया संचालित नहीं की जा रही है और न ही कोई आधिकारिक विज्ञापन जारी किया गया है।
उपनिदेशक (प्रशासन) लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल मेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि एम्स एक केंद्रीयकृत स्वास्थ्य संस्थान है, जो भर्ती से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना केवल अपनी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही जारी करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया या अन्य किसी बाहरी प्लेटफॉर्म के जरिए जारी विज्ञापनों पर भरोसा न करें।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि नौकरी के नाम पर हो रही धोखाधड़ी से बचें और किसी भी जानकारी की पुष्टि संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट से अवश्य करें।
संस्थान प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई कर्मचारी इस प्रकार की साजिश में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
फर्जी फेसबुक पेज संचालित करने वालों के खिलाफ साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही पुलिस प्रशासन के माध्यम से भी आरोपियों पर कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।










