

देहरादून, 29 जनवरी(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से छात्र कौशल संवर्धन के उद्देश्य से लैब ऑन व्हील्स (इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड) को फ्लैग ऑफ किया। यह पहल छात्रों को एआई कोडिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) एवं अन्य इमर्जिंग टेक्नोलॉजी क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगी।
‘लर्निंग बाई डूइंग’ के माध्यम से मिलेगा आधुनिक तकनीकी ज्ञान
लैब ऑन व्हील्स छात्रों को लर्निंग बाई डूइंग के सिद्धांत पर आधारित एक बेहतर शैक्षणिक प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगी। इसके माध्यम से विज्ञान विषयों के विभिन्न प्रयोगों को वर्चुअल मोड में सीखने की सुविधा भी छात्रों को मिलेगी।
पांच वर्षों तक राज्यभर में छात्रों को मिलेगा प्रशिक्षण
इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड लैब ऑन व्हील्स आगामी पाँच वर्षों तक प्रदेश की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में जाकर छात्रों को आधुनिक तकनीकी कौशल से अवगत कराएगी, उन्हें हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण प्रदान करेगी तथा वैश्विक संभावनाओं से जोड़ेगी।
उच्च, तकनीकी व विद्यालयी शिक्षा के छात्रों को मिलेगा लाभ
यह पहल राज्य में छात्रों के लिए हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण की अनुपलब्धता को कम करेगी। लैब ऑन व्हील्स में उपलब्ध प्रैक्टिकल्स और प्रशिक्षण विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर, श्री प्रमोद नैनवाल, उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, सचिव उच्च शिक्षा डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा इंफोसिस के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।









