16 से 22 मार्च तक अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव: ऋषिकेश में तैयारियों को लेकर मंथन, स्थानीय सहभागिता पर जोर
गंगा रिसोर्ट में आयोजित बैठक में पत्रकारों, योगाचार्यों और पर्यटन से जुड़े विशेषज्ञों से लिए गए सुझाव, महोत्सव को और अधिक दिव्य-भव्य बनाने की पहल


मुनि की रेती/ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): गढ़वाल मंडल विकास निगम एवं उत्तराखंड पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तीर्थनगरी ऋषिकेश में आगामी अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन 16 मार्च से 22 मार्च 2026 तक किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को गढ़वाल मंडल विकास निगम के गंगा रिसोर्ट में नगर के पत्रकारों, योगाचार्यों एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का उद्देश्य आगामी योग महोत्सव को और अधिक दिव्य, भव्य एवं नव्यता से परिपूर्ण बनाते हुए स्थानीय लोगों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करना रहा। लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव से जुड़े रहे विशेषज्ञों से सुझाव आमंत्रित किए गए, ताकि आयोजन को अधिक प्रभावी और व्यापक स्वरूप दिया जा सके।
बैठक में राजश्री योगशाला, श्यामपुर के निदेशक धनीराम बिंजोला ने सुझाव दिया कि क्षेत्र के सभी योग शिक्षकों के नाम एवं संपर्क विवरण गढ़वाल मंडल विकास निगम एवं पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर सूचीबद्ध किए जाएं, जिससे देश-विदेश से आने वाले योग साधकों को प्रमाणिक जानकारी मिल सके।
राफ्टिंग, होटल व्यवसाय और योग क्षेत्र से जुड़े राजीव तिवाड़ी ने कहा कि वे विगत कई वर्षों से योग महोत्सव से जुड़े रहे हैं, किंतु पहले स्थानीय लोगों को जोड़ने की पर्याप्त पहल नहीं हो पाई। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा के प्रयासों से स्थानीय सहभागिता बढ़ी है। उन्होंने इस वर्ष स्थानीय योग विद्यालयों, विशिष्ट योग मर्मज्ञों एवं विदेशी अतिथियों को अधिक संख्या में जोड़ने का सुझाव दिया।
आचार्य रजनीश से जुड़े डॉ. मनोज रांगड़ ने कहा कि निगम द्वारा स्थानीय स्तर पर योगाचार्यों को जोड़कर सात दिनों तक योग, प्राणायाम, ध्यान एवं विविध यौगिक क्रियाओं का प्रशिक्षण योग साधकों को दिया गया, जिसके लिए उन्होंने निगम का आभार व्यक्त किया।
योगाचार्य वेदप्रकाश मैठाणी ने महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग विद्यार्थियों एवं विदेशी पर्यटकों की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिससे ऋषिकेश की वैश्विक योग नगरी की पहचान और अधिक सशक्त हो सके। बैठक में अन्य कई योगाचार्यों ने भी अपने-अपने सुझाव साझा किए।
गढ़वाल मंडल विकास निगम के निदेशक विशाल मिश्रा ने जानकारी दी कि इस वर्ष योग महोत्सव का आयोजन 16 से 22 मार्च 2026 तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए स्थानीय योगाचार्यों एवं पर्यटन विशेषज्ञों से लगातार सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महोत्सव को और अधिक दिव्य एवं भव्य बनाने हेतु प्राप्त होने वाले प्रत्येक सुझाव का स्वागत है तथा शीघ्र ही एक और बैठक आयोजित कर उन्हें कार्यरूप देने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में निगम के महाप्रबंधक वित्त भारत चन्द्र, यात्रा कार्यालय के सहायक प्रधान प्रबंधक दीपक रावत, कंपनी सचिव कनिका आनंद, सहायक प्रधान प्रबंधक पर्यटन अनिता मेवाड़, आशुतोष नेगी, निर्माण इकाई के आशीष उनियाल, राजेन्द्र ढोंडियाल सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









