
देहरादून, 16 फरवरी (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके शासकीय आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने बापू ग्राम सहित ऋषिकेश के विभिन्न क्षेत्रों में वन विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई को लेकर विस्तार से चर्चा की।
विधायक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए स्थानीय निवासियों की समस्याओं, भावनाओं और उनके समक्ष उत्पन्न चुनौतियों की जानकारी दी। उन्होंने आग्रह किया कि इस विषय में जनभावनाओं और मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक एवं न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को राहत प्रदान करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
मुख्यमंत्री धामी ने विधायक अग्रवाल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस विषय में संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ आवश्यक कदम उठाएगी और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।









