उत्तराखंडऋषिकेशजनहितदेहरादून

ऋषिकेश के प्रभावित परिवारों को राहत का भरोसा, मुख्यमंत्री से मिले विधायक प्रेमचंद अग्रवाल

वन विभाग की कार्रवाई पर जताई चिंता, मानवीय समाधान निकालने का दिया आश्वासन

ऋषिकेश, 18 फरवरी(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल के नेतृत्व में बापू ग्राम सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने वन विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की।

इस दौरान डॉ अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्रभावित क्षेत्र में लगभग 15 हजार परिवारों के 50 से 60 हजार लोग पिछले 70 से 75 वर्षों से निवास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन परिवारों को हटाया गया तो हजारों लोग बेघर हो जाएंगे। उन्होंने न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हुए भी मानवीय दृष्टिकोण से समाधान निकालने की आवश्यकता पर जोर दिया।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि अधिकांश प्रभावित परिवार सामान्य एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से संबंधित हैं। पूर्व में भी इस विषय पर मुख्यमंत्री से आग्रह किया जा चुका है, लेकिन वर्तमान में लोग भय एवं असमंजस की स्थिति में हैं, क्योंकि उन्हें अब तक कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं मिला है।

मुख्यमंत्री ने डॉ. अग्रवाल द्वारा प्रस्तुत सुझावों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव से चर्चा की और प्रभावित परिवारों के हित में सकारात्मक व मानवीय समाधान निकालने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से प्रतिनिधिमंडल एवं क्षेत्रवासियों ने संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर पार्षद वीरेंद्र रमोला, पार्षद हर्षवर्धन रावत (पिंटू), पार्षद संजय ध्यानी, पार्षद दिनेश रावत, पूर्व पार्षद विपिन पंत, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सुमन, मंडल महामंत्री पुनीता भंडारी, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता गोविंद रावत, पिंकी धस्माना सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button