उत्तराखंडऋषिकेशदेहरादूनपुलिस बुलेटिन

ऋषिकेश में नशे पर बड़ी कार्यवाही

5 किलो डोडा पोस्त व 2 किलो 180 ग्राम चरस के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, वाहन भी सीज

ऋषिकेश, 24 फरवरी (दिलीप शर्मा): जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 5 किलोग्राम डोडा पोस्त और 2 किलोग्राम 180 ग्राम चरस के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है।

चेकिंग के दौरान दबोचा गया आरोपी

23 फरवरी 2026 को ANTF/STF एवं कोतवाली ऋषिकेश की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। दून इंस्टीट्यूट के पास रेलवे ट्रैक क्षेत्र में संदिग्ध वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने नीले रंग की IGNIS कार (नंबर UK14AN 6188) को रोका।

वाहन की डिग्गी की तलाशी लेने पर एक सफेद प्लास्टिक कट्टे में 5 किलो डोडा पोस्त तथा एक पारदर्शी पन्नी में 2 किलो 180 ग्राम चरस बरामद हुई। ड्रग डिटेक्शन किट से परीक्षण करने पर बरामद पदार्थ चरस पाया गया।

उत्तरकाशी निवासी है गिरफ्तार अभियुक्त

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भागवत (31 वर्ष) पुत्र नारायण, निवासी ग्राम न्यूसारी, थाना धौत्री, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने डोडा पोस्त व चरस को टिहरी गढ़वाल जनपद के पिन्सवाड़, बुढाकेदार निवासी सुन्दर नामक व्यक्ति से खरीदा था और ऋषिकेश व देहरादून क्षेत्र में अधिक दाम पर बेचने के उद्देश्य से ला रहा था।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत मु.अ.सं. 77/2026, धारा 8/18/20/60 NDPS Act के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी को 24 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

बरामदगी

  • 5 किलोग्राम डोडा पोस्त
  • 2 किलोग्राम 180 ग्राम चरस (शुद्ध वजन)
  • इग्निस कार (UK14AN 6188), घटना में प्रयुक्त

अभियान रहेगा जारी

ऋषिकेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Back to top button