उत्तराखंडऋषिकेशहोली मिलन

गंगानगर वार्ड 20 में भव्य होली मिलन समारोह

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल और मेयर शंभू पासवान ने दी शुभकामनाएं, विकास व सामाजिक समरसता पर दिया जोर

ऋषिकेश, 28 फरवरी (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गंगानगर वार्ड संख्या 20 में आयोजित भव्य होली मिलन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ होली पर्व मनाया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग कर स्थानीय नागरिकों के साथ रंगोत्सव की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने विधायक का फूलमालाओं और अबीर-गुलाल से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। अपने संबोधन में डॉ. अग्रवाल ने सभी क्षेत्रवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली आपसी प्रेम, सौहार्द, सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और सभी भेदभाव मिटाकर एकजुटता का संदेश देता है।

डॉ. अग्रवाल ने ऋषिकेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने पर बल देते हुए कहा कि पारंपरिक उत्सव हमारी पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित एवं सशक्त बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए भरोसा दिलाया कि जनभावनाओं के अनुरूप विकास की गति निरंतर जारी रहेगी तथा प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का पर्व है। उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की और सभी को होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

वहीं ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान ने कहा कि ऋषिकेश की जनता सदैव सामाजिक एकता और भाईचारे का उदाहरण प्रस्तुत करती रही है। उन्होंने स्वच्छ, सुंदर और विकसित ऋषिकेश के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। स्थानीय महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और उत्साहपूर्वक होली उत्सव मनाया।

अंत में डॉ. अग्रवाल ने आयोजन समिति एवं समस्त क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

इस अवसर पर अतुल पुंज, विवेक भल्ला, देवेंद्र नेगी, विशाल कंकड़, राजेंद्र त्यागी, परवीन रावत, अनिल, राजेश, संध्या विष्ट गोयल, रमा रावत, बीना देवी, तृप्ति गुप्ता, रुचि जैन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button