Blog

यशपाल आर्य का बापूग्राम धरने को समर्थन

गैरसैंण सत्र में मालिकाना हक का मुद्दा उठाने का ऐलान, सरकार पर बेरुखी का आरोप

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने बापूग्राम में पिछले 49 दिनों से चल रहे धरने में पहुंचकर बापू ग्राम संघर्ष समिति को समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी गैरसैंण सत्र में वे बापूग्राम सहित आसपास के प्रभावित क्षेत्रों को मालिकाना हक दिलाने का मुद्दा तथ्यों और दस्तावेजों के साथ सदन में उठाएंगे।

धरना स्थल पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आर्य ने कहा कि वे न्यायपालिका का सम्मान करते हैं, लेकिन सरकार की बेरुखी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के पास लगभग 40 महत्वपूर्ण विभाग हैं, ऐसे में उन्हें इस गंभीर विषय पर संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। खटीमा, चमोली और ऋषिकेश क्षेत्र के बापूग्राम जैसे इलाकों में लोग अपने आशियाने बचाने की जद्दोजहद में खौफ के साए में जी रहे हैं।

“लोगों को मिले मालिकाना हक, घोषित हों राजस्व ग्राम”

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार को प्रभावित क्षेत्रों को राजस्व ग्राम घोषित कर निवासियों को मालिकाना हक देना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने राज्य सरकार को पत्र भी लिखा था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला। “सरकार सवालों से बचती है और जवाब देने से कतराती है,” उन्होंने कहा।

आर्य ने आश्वस्त किया कि बापूग्राम और आसपास के 12 वार्डों के प्रभावित लोगों के साथ कांग्रेस मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई स्थानों पर ऐसी समस्याएं हैं और पार्टी उनकी आवाज सदन तक पहुंचाएगी।

पूर्व विधायक मनोज रावत ने भी जताया समर्थन

इस अवसर पर बद्रीनाथ के पूर्व विधायक मनोज रावत भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई कानून की है और लंबी चलेगी। उनके क्षेत्र में भी लोगों को नोटिस दिए गए हैं, जिससे आमजन में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लोगों को मालिकाना हक न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है और इस मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा।

12 वार्डों के लोग कर रहे मालिकाना हक की मांग

उल्लेखनीय है कि बापूग्राम समेत कुल 12 वार्डों के निवासी मालिकाना हक अथवा राजस्व ग्राम घोषित किए जाने की मांग कर रहे हैं। इनमें प्रमुख रूप से बापू ग्राम, शिवाजी नगर, 20 बीघा, मीरा नगर, मालवीय नगर, गीता नगर, मनसा देवी, अमित ग्राम-1 व 2 सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। प्रभावित लोग प्रतिदिन पानी की टंकी के पास एकत्रित होकर अपने आशियाने बचाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस दौरान जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, पूर्व विधायक प्रत्याशी जयेंद्र रमोला, नगर अध्यक्ष कांग्रेस राकेश सिंह, महंत विनय सारस्वत, सुधीर राय रावत, दिनेश चन्द्र मास्टर, पार्षद सत्य कपरुवाण, सुरेन्द्र सिंह नेगी ‘सुर्री’, सचवीर भंडारी, मुस्कान सहित सैकड़ों प्रभावित नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button