
ऋषिकेश,13 मार्च (दिलीप शर्मा): आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख क्षेत्रों में सत्यापन और निरीक्षण अभियान चलाया।
इस दौरान हरिद्वार-ऋषिकेश रोड और त्रिवेणी घाट क्षेत्र में स्थित होटल, रेस्टोरेंट तथा धर्मशालाओं का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले लोगों के सत्यापन की स्थिति की जांच की और संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मार्गों पर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा बोर्ड लगाकर किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया गया। प्रशासन की टीम ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से चारधाम यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्राकाल के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।










