भारतीय नौसेना का लांस नायक जासूसी के आरोप में गिरफ्तार, यूपी ATS की कार्रवाई
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI को युद्धपोतों की तस्वीरें और संवेदनशील जानकारी भेजने का आरोप; आगरा निवासी आरोपी को कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में

आगरा (दिलीप शर्मा ) : उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने भारतीय नौसेना में तैनात एक लांस नायक को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आगरा निवासी आदर्श कुमार उर्फ लकी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में केरल के कोच्चि स्थित दक्षिणी नेवल कमांड में लांस नायक के पद पर तैनात है।
एटीएस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पाकिस्तान स्थित आईएसआई एजेंट के संपर्क में रहकर भारत की संवेदनशील सैन्य जानकारी साझा कर रहा है। सूचना के आधार पर एटीएस ने जांच शुरू की, जिसमें कोच्चि में तैनात आदर्श कुमार पुत्र बलवीर सिंह का नाम सामने आया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आदर्श कुमार ने पाकिस्तान बेस्ड आईएसआई एजेंट के संपर्क में आकर अपने खाते से उसे पैसे भेजे थे। इसके साथ ही उसने रणनीतिक दृष्टि से संवेदनशील भारतीय युद्धपोतों की तस्वीरें और उनसे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं।
एटीएस के अनुसार उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आदर्श कुमार की देश विरोधी गतिविधियों और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के नेटवर्क में आपराधिक संलिप्तता पाई गई। इसके बाद एटीएस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किसी हनी ट्रैप का शिकार हुआ था या उसने जानबूझकर देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता दिखाई। मामले की गहन जांच जारी है।








