मुनिकीरेती में शराब की दुकान के पास युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
आपसी कहासुनी के बाद हुई वारदात, मृतक और आरोपी दोनों थे परिचित — पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी अक्षय ठाकुर को दबोचा
ऋषिकेश (मुनिकीरेती) : थाना मुनिकीरेती क्षेत्र में शनिवार रात शराब की दुकान के पास दो युवकों के बीच हुई कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि खारास्त्रोत वाइन शॉप के पास किसी बात को लेकर हुए झगड़े के दौरान एक युवक ने अपने साथी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर मुनिकीरेती पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया, जहां उपचार के दौरान देर रात युवक की मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अजेंद्र कंडारी (उम्र लगभग 30 वर्ष) पुत्र राय सिंह कंडारी, निवासी वार्ड नंबर–3, शीशम झाड़ी, मुनिकीरेती के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक और आरोपी दोनों आपस में परिचित व मित्र थे और शीशम झाड़ी क्षेत्र के ही निवासी हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी टिहरी द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अक्षय ठाकुर पुत्र नरेश ठाकुर, निवासी गली नंबर–20, शीशम झाड़ी, मुनिकीरेती को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मुनिकीरेती थाना पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा चुके हैं।
पुलिस की अपील:
टिहरी गढ़वाल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रामक या अपुष्ट सूचना न फैलाएं। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










