

ऋषिकेश/देहरादून 28 मार्च(दिलीप शर्मा): अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश न लगाने और चेकिंग अभियान में शिथिलता बरतने पर दून पुलिस कप्तान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईडीपीएल चौकी पर तैनात समस्त स्टाफ को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सहित कुल 12 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून द्वारा पूर्व में ही सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 27 मार्च 2026 की रात एसएसपी को ऋषिकेश क्षेत्र के एक होटल में बड़े स्तर पर जुआ संचालित होने की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली ऋषिकेश की पुलिस टीम ने हरिद्वार रोड स्थित मुर्गी फार्म के पास होटल नवरंग में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मौके से जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री, नगद धनराशि और विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें बरामद की गईं। साथ ही बड़ी संख्या में लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया।
इस पूरे प्रकरण में आईडीपीएल चौकी स्तर पर चेकिंग एवं सत्यापन अभियान में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए चौकी के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया।
पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध गतिविधियों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।










