उत्तराखंडऋषिकेशजनहित

गुमानीवाला में 179.49 लाख की लागत से सड़क निर्माण का भूमि पूजन

2.14 किमी मार्ग इंटरलॉकिंग टाइल से होगा विकसित, विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल बोले—जनसमस्याओं का प्राथमिकता से समाधान

ऋषिकेश, 28 मार्च (दिलीप शर्मा): गुमानीवाला वार्ड 14 में आकाशीय भैरव मंदिर मुख्य मार्ग एवं आंतरिक मार्गों के इंटरलॉकिंग टाइल द्वारा निर्माण कार्य का भूमि पूजन विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा किया गया। प्रस्तावित निर्माण कार्य की कुल लंबाई 2.14 किलोमीटर है, जिसकी अनुमानित लागत 179.49 लाख रुपये बताई गई है।

इस अवसर पर विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि उक्त मार्गों के निर्माण के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे, जो अब धरातल पर उतरने जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। बिजली लाइनों में बंचिंग केबल लगाने, पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने सहित विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान हेतु प्राथमिकता के आधार पर योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार जताया और भविष्य में भी समर्थन देने का भरोसा दिया। इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने बुजुर्गों का माल्यार्पण कर सम्मान किया तथा कहा कि उनके आशीर्वाद से ही जनसेवा की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम में चंद्रमोहन पोखरियाल, पंकज जुगलान, रुकमा व्यास, किशोरी पैन्यूली, दीपा राणा, गणेश राणा, ओम बहादुर थापा, कीर्ति सिंह रावत, राजेंद्र गुसाईं, भृंगुनाथ द्विवेदी (अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग) और सत्यपाल सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button