उत्तराखंडपौड़ीप्रशिक्षण

यमकेश्वर में SDRF का जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को आपदा प्रबंधन व रेस्क्यू तकनीकों का दिया प्रशिक्षण

गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्राथमिक उपचार, CPR व सर्च-रेस्क्यू का व्यावहारिक प्रदर्शन

यमकेश्वर/पौड़ी,28 मार्च(दिलीप शर्मा): राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ढालवाला टीम द्वारा गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, विध्यानी (यमकेश्वर) में आपदा प्रबंधन विषय पर एक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम रघुनंदन सिंह तोलिया उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी, नैनीताल के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य आमजन विशेषकर युवाओं में आपदा के प्रति सजगता एवं तत्परता विकसित करना था।

 

कार्यक्रम के दौरान SDRF टीम ने प्रतिभागियों को आपदा की परिभाषा, विभिन्न प्रकार की आपदाओं तथा उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही प्राथमिक चिकित्सा के अंतर्गत ब्लीडिंग कंट्रोल, खुले एवं बंद घावों का उपचार, विदेशी वस्तु से श्वास मार्ग अवरोध (FBAO) तथा कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

व्यावहारिक प्रशिक्षण पर रहा विशेष जोर
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को हेड इंजरी, आंख में चोट लगने की स्थिति में प्राथमिक उपचार, हड्डी स्थिरीकरण (स्प्लिंटिंग) और सीमित संसाधनों से स्ट्रेचर तैयार करने के तरीके (कंबल, रस्सी, टी-शर्ट आदि की सहायता से) सिखाए गए। इसके अतिरिक्त लिफ्टिंग एवं मूविंग के सुरक्षित तरीकों का भी प्रदर्शन किया गया।

रेस्क्यू तकनीकों का किया प्रदर्शन
SDRF टीम ने रोप की सहायता से रिवर क्रॉसिंग तथा क्षतिग्रस्त भवनों से लोगों को सुरक्षित निकालने की तकनीकों का लाइव डेमो दिया। साथ ही रोप रेस्क्यू, डीप डाइविंग और फ्लड रेस्क्यू में उपयोग होने वाले आधुनिक उपकरणों की जानकारी देकर उनके उपयोग के प्रति जागरूक किया।

छात्र-छात्राओं में बढ़ा आत्मविश्वास
कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ प्राचार्य, प्राध्यापक एवं अन्य स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता की। यह प्रशिक्षण प्रतिभागियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक साबित हुआ, जिससे उनमें आपदा के समय स्वयं एवं अन्य लोगों की सहायता करने का आत्मविश्वास विकसित हुआ।

SDRF टीम के सदस्य:
एसआई पंकज सिंह खरोला, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, कांस्टेबल मातबर, एफएम यशपाल एवं सुमित शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button