उत्तराखंडऋषिकेशदेहरादूनपुलिस बुलेटिन

ऋषिकेश में चोरी की मैक्स वाहन बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र की मदद से किया खुलासा, करीब 9 लाख रुपये कीमत की मैक्स महिन्द्रा बरामद

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने चोरी की एक मैक्स महिन्द्रा वाहन बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद वाहन की कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार 15 मार्च 2026 को नरेंद्र सिंह नेगी निवासी ऋषिकेश ने अपनी मैक्स महिन्द्रा वाहन संख्या UK07TC1050 के चोरी होने की सूचना कोतवाली ऋषिकेश में दी थी। इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा संख्या 99/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी किया गया वाहन नजीबाबाद की ओर जाता हुआ देखा गया है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नजीबाबाद क्षेत्र में सघन चेकिंग और तलाश अभियान चलाया। इस दौरान चिड़ियापुर से आगे हरिद्वार की ओर सड़क किनारे एक होटल-ढाबे के पास संदिग्ध स्थिति में खड़ी मैक्स महिन्द्रा वाहन संख्या UK07TC1050 बरामद हुई। वाहन के अंदर एक व्यक्ति ड्राइवर सीट पीछे कर लेटा हुआ मिला, जिसे पुलिस ने मौके पर ही घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सागर थापा (23) पुत्र राजू थापा निवासी नवोदय नगर, रोशनाबाद थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार बताया। जांच में वाहन का इंजन और चेसिस नंबर चोरी हुए वाहन से मेल खाता पाया गया, जिसे वाहन स्वामी नरेंद्र सिंह नेगी ने भी पहचान लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का वाहन बरामद होने पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी और बरामदगी की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए 14/15 मार्च की रात शिवाजी नगर क्षेत्र से मैक्स वाहन चोरी किया था। वह वाहन को बेचने के लिए बिजनौर (उत्तर प्रदेश) ले जा रहा था।

पुलिस टीम में शामिल:
प्रभारी निरीक्षक कैलाशचन्द्र भट्ट, वरिष्ठ उप निरीक्षक भरत सिंह रावत, उप निरीक्षक देवेन्द्र सिंह पंवार, उप निरीक्षक राजकुमार, कांस्टेबल विनीत कुमार, मनोज नेगी और सुनील कुमार।

Related Articles

Back to top button