उत्तराखंड में मंत्री बनने पर राम सिंह कैड़ा को मिली शुभकामनाएं, डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने की आत्मीय भेंट
ऋषिकेश जाते समय मार्ग में हुई मुलाकात, नए दायित्व को बताया प्रदेश सेवा का अवसर


ऋषिकेश, 20 मार्च (दिलीप शर्मा): भीमताल के लोकप्रिय विधायक श्री राम सिंह कैड़ा को उत्तराखंड सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
डॉ. अग्रवाल देहरादून से ऋषिकेश एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान मार्ग में श्री कैड़ा से उनकी आकस्मिक भेंट हो गई। उन्होंने वाहन रोककर उनसे आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में बातचीत हुई।
डॉ. अग्रवाल ने श्री कैड़ा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि मंत्री पद प्रदेश की सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री कैड़ा अपने अनुभव, कार्यक्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण के बल पर इस दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार जनहित में निरंतर कार्य कर रही है और नई टीम के साथ विकास कार्यों को और गति मिलेगी। साथ ही डॉ. अग्रवाल ने राज्य के अन्य चार विधायकों के मंत्री बनने पर भी दूरभाष के माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
डॉ. अग्रवाल ने नवनियुक्त मंत्रियों से अपेक्षा जताई कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए प्रदेश के समग्र विकास एवं कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।
अंत में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।










