उत्तराखंडऋषिकेश

ऋषिकेश कोतवाली में पुलिस पेंशनर्स की बैठक आयोजित, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन

प्रभारी निरीक्षक ने पेंशनर्स से किया संवाद, सुझाव लेकर समन्वय मजबूत करने पर जोर

ऋषिकेश, 23 मार्च (दिलीप शर्मा): कोतवाली ऋषिकेश परिसर में सोमवार को थाना क्षेत्र में निवासरत पुलिस पेंशनर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक द्वारा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस पेंशनर्स उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने सभी पेंशनर्स से उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। पेंशनर्स ने अपनी विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं को साझा किया, जिन पर प्रभारी निरीक्षक ने गंभीरता से विचार करते हुए उनके शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि पुलिस विभाग अपने सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान और सुविधाओं के प्रति पूर्णतः संवेदनशील है तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही पेंशनर्स से सुझाव भी आमंत्रित किए गए, ताकि पुलिस और पेंशनर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।

बैठक का वातावरण सौहार्दपूर्ण और पारिवारिक रहा, जहां सभी प्रतिभागियों के साथ मित्रवत संवाद स्थापित किया गया। पेंशनर्स ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया।

अंत में प्रभारी निरीक्षक ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार की बैठकों का नियमित आयोजन किया जाएगा, जिससे पेंशनर्स की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button