

ऋषिकेश, 25 मार्च (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चारों मंडलों के अध्यक्षों, महामंत्रियों एवं अन्य पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में किया गया। बैठक की अध्यक्षता ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने की।
बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों एवं चुनावों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
डॉ. अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी समय संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी सक्रियता, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका अहम होती है।
उन्होंने मंडल अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें, जनसंपर्क अभियानों को गति दें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाएं।
बैठक में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही यह भी तय किया गया कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनें और उनके समाधान के लिए तत्परता से कार्य करें।
इस अवसर पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चन्दरमोहन पोखरियाल, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, महामंत्री सत्यपाल राणा, निखिल बर्थवाल, दीपक बिष्ट, नितिन सक्सेना सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










