

ऋषिकेश, 27 मार्च (दिलीप शर्मा): विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने चैत्र नवरात्रि के अवसर पर क्षेत्र में आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने श्री रघुनाथ मंदिर, जयराम बिहार गुमानीवाला में पूजा-अर्चना कर आरती में भाग लिया और श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व हमें शक्ति, श्रद्धा और सेवा भाव का संदेश देता है।
भंडारे में पंगत में बैठकर ग्रहण किया प्रसाद
इसके पश्चात डॉ. अग्रवाल भल्लाफार्म क्षेत्र में कुलदीप सिंह जड़धारी के आवास पर आयोजित भंडारे में पहुंचे, जहां उन्होंने पारंपरिक भड्डू की दाल एवं भात को पंगत में बैठकर ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी और सभी को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं ऐसे आयोजन
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर आवेग आडवाणी, गंगाराम आडवाणी, चंद्र मोहन पोखरियाल, पंकज जुगलान, प्रभाकर पैन्यूली सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।










