ऋषिकेश में ₹18.5 लाख की डकैती का वांछित आरोपी गिरफ्तार, महाराष्ट्र पुलिस व स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
त्रिवेणी घाट क्षेत्र से दबोचा गया फरार अभियुक्त, ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र ले जाने की तैयारी


ऋषिकेश/देहरादून, 01अप्रैल(दिलीप शर्मा): जनपद देहरादून के कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में महाराष्ट्र पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹18.5 लाख की डकैती के वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश महाराष्ट्र पुलिस कर रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना अलीबाग, जिला रायगढ़ (महाराष्ट्र) में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 01/2026, धारा 310(2)/310(5)/311/127(2)/137(2)/351(3)/131 बीएनएस से संबंधित अभियुक्त योगेश रमेश लहारे (31 वर्ष) पुत्र रमेश लहारे, निवासी पडसगांव बुधरु, थाना मानगांव, जिला रायगढ़, ₹18.5 लाख की डकैती की घटना में संलिप्त है।…
महाराष्ट्र पुलिस ने ऋषिकेश में दी दबिश
महाराष्ट्र पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम, सहायक पुलिस निरीक्षक भास्कर जाधव के नेतृत्व में अभियुक्त की तलाश में ऋषिकेश पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी कि वांछित अभियुक्त ऋषिकेश क्षेत्र में छिपा हो सकता है।
त्रिवेणी घाट में चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में तत्काल संयुक्त टीम का गठन किया गया। प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्रिवेणी घाट क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
मुखबिर की सूचना के आधार पर त्रिवेणी घाट स्थित शिव मूर्ति के पास संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त एक व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में खुलासा, मौके पर पहचान
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम योगेश रमेश लहारे बताया, जिसकी मौके पर मौजूद महाराष्ट्र पुलिस टीम ने पुष्टि की। इसके बाद लगभग 15:10 बजे विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र ले जाएगी पुलिस
गिरफ्तार अभियुक्त को हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। महाराष्ट्र पुलिस द्वारा ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर आरोपी को संबंधित न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी/कर्मचारी:
- सहायक पुलिस निरीक्षक भास्कर जाधव (महाराष्ट्र पुलिस)
- वरिष्ठ उप निरीक्षक भरत सिंह रावत (कोतवाली ऋषिकेश)
- हेड कांस्टेबल सचिन वावेकर (महाराष्ट्र पुलिस)
- कांस्टेबल प्रशांत लोहार (महाराष्ट्र पुलिस)
- कांस्टेबल दिगम्बर सिंह चौहान (कोतवाली ऋषिकेश)
यह कार्रवाई अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है, जिससे फरार अपराधियों पर शिकंजा कसने में मदद मिल रही है।










