

ऋषिकेश, 1 अप्रैल(दिलीप शर्मा): केंद्र सरकार द्वारा ऋषिकेश बाईपास (तीन पानी से खरास्रोत) को फोरलेन बनाने के लिए ₹1105.79 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद ऋषिकेश आगमन पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों, पुष्प वर्षा और आतिशबाजी के साथ कार्यकर्ताओं ने खुशी और उत्साह का इजहार किया।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की स्वीकृति के लिए वे लगातार प्रयासरत रहे और कई बार केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से नई दिल्ली में मुलाकात कर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। साथ ही हरिद्वार दौरे के दौरान भी उन्होंने इस परियोजना को लेकर मंत्री से चर्चा की थी, जिस पर शीघ्र स्वीकृति का आश्वासन मिला था।
डॉ. अग्रवाल ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने से ऋषिकेश क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार आएगा।
उन्होंने आगे बताया कि फोरलेन बाईपास बनने से स्थानीय निवासियों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगी। इससे समय की बचत के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस मौके पर मण्डल अध्यक्ष चन्द्रमोहन पोखरियाल, मण्डल महामंत्री पंकज जुगलान, सत्यपाल राणा, प्रधान सागर गिरी, ओबीसी मोर्चा महामंत्री जितेंद्र पोखरियाल, रवि शर्मा, सरदार अमनदीप सिंह, पूर्व प्रधान दीपा राणा, युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष प्रज्ञा रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य पवन पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










