ऋषिकेश में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर, CO नीरज सेमवाल ने विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से की शिष्टाचार भेंट
यातायात सुधार, नशे पर अंकुश और यात्रा सीजन की तैयारियों को लेकर दिए गए निर्देश


ऋषिकेश, 4 अप्रैल (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश में क्षेत्राधिकारी (CO) का पदभार ग्रहण करने के उपरांत श्री नीरज सेमवाल ने शनिवार को ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शहर की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं आगामी यात्रा सीजन की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश की वर्तमान कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल देते हुए पुलिस को सतर्क एवं सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं नियंत्रित रखने, बढ़ते नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आस्था पथ पर असामाजिक तत्वों द्वारा की जा रही अशोभनीय गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने आगामी यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सुरक्षा, यातायात एवं समग्र व्यवस्था प्रबंधन को प्राथमिकता देने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर CO नीरज सेमवाल ने आश्वस्त किया कि विधायक द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।










