

ऋषिकेश,12 अप्रैल(दिलीप शर्मा): शहर के झंडा चौक स्थित श्री भरत मंदिर परिसर में परम पूज्य ब्रह्मलीन महंत श्री अशोक प्रपन्न शर्मा जी की स्मृति में एक विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 1239 जरूरतमंद लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। शिविर में आए मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श देने के साथ-साथ निशुल्क दवाइयां, रक्त जांच, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।


कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन उत्तराखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, AIIMS की डायरेक्टर डॉ. मीनू सिंह, महंत वत्सल प्रपनाचार्य जी महाराज तथा जयराम आश्रम के परमाध्यक्ष ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी जी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।


विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने दी सेवाएं
शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। हृदय रोग, फेफड़े, बाल रोग, नेत्र, नाक-कान-गला, कैंसर, न्यूरोलॉजी, त्वचा, हड्डी, स्त्री रोग, किडनी, जनरल फिजिशियन, छाती रोग, सर्जरी और दंत रोग विशेषज्ञों की टीम ने मरीजों की जांच की और आवश्यक परामर्श दिया।
अलग-अलग विभागों में बड़ी संख्या में मरीजों की ओपीडी हुई, जिसमें हड्डी रोग, नेत्र रोग और जनरल फिजिशियन विभाग में सबसे अधिक मरीज पहुंचे।

रिकॉर्ड संख्या में मरीजों का पंजीकरण
आयोजन समिति के अनुसार, शिविर के लिए पहले से 912 लोगों ने पंजीकरण कराया था, जबकि शिविर के दिन 327 लोगों ने मौके पर ही रजिस्ट्रेशन कराया। इस प्रकार कुल 1239 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जो इस प्रकार के आयोजनों में एक उल्लेखनीय संख्या मानी जा रही है।

सामाजिक और जनप्रतिनिधियों की रही सहभागिता
इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें हर्षवर्धन शर्मा, मेयर शंभू पासवान, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष दीप शर्मा, विनय उनियाल, बच्चन पोखरियाल, अशोक अग्रवाल, जयेंद्र रमोला, मनोरंजन देवरानी, राकेश मियां, अशोक रस्तोगी, पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट, प्रधानाचार्य के.एल. दीक्षित, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, सुरेंद्र भट्ट, लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, गोविंद सिंह रावत, जयकृत रावत, संजीव कुमार, विकास नेगी, रचित अग्रवाल, अमित चटर्जी, रंजन अंथवाल, दीपक भारद्वाज, प्रवीन रावत, विवेक शर्मा, विजय बिष्ट सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

जनसेवा का सराहनीय प्रयास
शिविर में आए लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के निशुल्क चिकित्सा शिविर समाज के जरूरतमंद वर्ग के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं। आयोजकों ने भी भविष्य में ऐसे और शिविर आयोजित करने की बात कही, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।










