
ऋषिकेश,13 अप्रैल(दिलीप शर्मा): आगामी 14 अप्रैल को देहरादून में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से ऋषिकेश भाजपा जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने की।
बैठक में जनसभा की तैयारियों, संगठनात्मक रणनीति, जनसंपर्क अभियान तथा विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। डॉ. अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जनसभा प्रदेश के विकास और जनकल्याण के संकल्प को और अधिक सशक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को जनसभा में शामिल होने के लिए प्रेरित करें और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और उत्तराखंड निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।
बैठक के दौरान परिवहन, स्वागत, जनसंपर्क, सोशल मीडिया प्रचार और बूथ स्तर पर समन्वय जैसी व्यवस्थाओं के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए, ताकि जनसभा को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जा सके।
इस अवसर पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, नितिन सक्सेना, सोनू पांडे, चंदू यादव, बृजेश मिश्रा, राम सिंह पवार, युवा मोर्चा अध्यक्ष अनिरुद्ध शर्मा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










