उत्तराखंडदेहरादूनफीचर फिल्म

देहरादून में “श्री बाबा नीम करोली महाराज” फिल्म का भव्य ट्रेलर लॉन्च

संतों के सान्निध्य और मुख्यमंत्री धामी की उपस्थिति में गूंजा आध्यात्मिक संदेश, 24 अप्रैल को देशभर में रिलीज होगी फिल्म

देहरादून,13 अप्रैल(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड की पावन धरती पर भक्ति, आस्था और आध्यात्मिकता से ओत-प्रोत वातावरण के बीच बहुप्रतीक्षित आध्यात्मिक फिल्म “श्री बाबा नीम करोली महाराज” का भव्य ट्रेलर लॉन्च किया गया। यह आयोजन मुख्यमंत्री आवास, देहरादून में गरिमामयी ढंग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में पुष्कर सिंह धामी की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही स्वामी चिदानन्द सरस्वती और स्वामी रामदेव के पावन सान्निध्य ने आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

आध्यात्मिक विरासत को सिनेमा के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास

फिल्म “श्री बाबा नीम करोली महाराज” 24 अप्रैल 2026 को देशभर के पीवीआर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म महान संत नीम करोली बाबा के जीवन, उनके चमत्कारों और उनके द्वारा दिए गए प्रेम, सेवा और भक्ति के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है।

फिल्म में बाबा का संदेश — “सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो, और भगवान को याद रखो” — प्रमुख रूप से दर्शाया गया है, जो आज भी लाखों श्रद्धालुओं को प्रेरित करता है।

संतों और मुख्यमंत्री ने दी प्रतिक्रिया

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि संतों और महापुरुषों का जीवन केवल इतिहास नहीं, बल्कि जीवंत प्रेरणा है। ऐसी फिल्मों के माध्यम से युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना आवश्यक है।

वहीं स्वामी रामदेव ने उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बताते हुए इस परंपरा को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह फिल्म दर्शकों को आत्मचिंतन, श्रद्धा और भक्ति के मार्ग पर प्रेरित करेगी तथा उत्तराखंड की दिव्य संस्कृति को प्रदर्शित करेगी।

फिल्म की कास्ट और निर्माण टीम

फिल्म में बाबा नीम करोली महाराज की भूमिका सुभोध भावे ने निभाई है, जबकि सिद्धि मां के किरदार में समीक्षा भटनागर नजर आएंगी।

फिल्म का निर्देशन और लेखन शरद सिंह ठाकुर द्वारा किया गया है।

फिल्म का निर्माण अनिशा फिल्म्स इंटरनेशनल के बैनर तले किया गया है, जिसमें पीसी ज्वेलर लिमिटेड और बीएसआर फिल्म प्रोडक्शन का सहयोग रहा है। प्रमुख निर्माताओं में बलराम गर्ग, बलवीर सिंह, शरद सिंह ठाकुर, खड़ग सिंह गौर और नीलम सिंह शामिल हैं।

मानवता और आध्यात्मिकता का संदेश देगी फिल्म

आयोजकों के अनुसार, यह फिल्म केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि प्रेम, सेवा, करुणा और ईश्वर में आस्था का संदेश देने वाली प्रेरणादायक कथा है। आज के तनावपूर्ण जीवन में यह फिल्म दर्शकों को शांति, संतुलन और आंतरिक शक्ति की ओर मार्गदर्शन करेगी।

ट्रेलर लॉन्च समारोह में अनेक संत-महात्माओं, सामाजिक व सांस्कृतिक जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामयी बना दिया।

Related Articles

Back to top button