टिहरी पुलिस की मुस्तैदी से नाबालिग बालक कानपुर से सकुशल बरामद
SSP श्वेता चौबे के निर्देश पर गठित टीम ने दिखाई तत्परता, परिजनों ने जताया आभार

मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा) : जनपद टिहरी गढ़वाल पुलिस ने एक बार फिर तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए 12 वर्षीय गुमशुदा नाबालिग बालक को उत्तर प्रदेश के कानपुर से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को गुमशुदा व्यक्तियों की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना मुनिकीरेती क्षेत्र से 4 अप्रैल 2026 को लापता हुए बालक के मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई।
मामला दर्ज, टीम गठित कर शुरू की गई तलाश
बालक के पिता की तहरीर पर 7 अप्रैल 2026 को थाना मुनिकीरेती में मुकदमा अपराध संख्या 36/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए SSP के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर बालक की खोजबीन शुरू की गई।
सीसीटीवी और स्थानीय जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ी
जांच के दौरान परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर टीम ने गंगा घाट क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें बालक ऋषिकेश बस अड्डे की ओर जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद बस अड्डे पर व्यापक पूछताछ की गई, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
धर्मशालाओं व सोशल मीडिया के माध्यम से भी खोज
पुलिस टीम ने हरिद्वार और ऋषिकेश क्षेत्र की धर्मशालाओं, गुरुद्वारों और अन्य संभावित स्थानों पर भी तलाश की। साथ ही, सोशल मीडिया के माध्यम से गुमशुदा बालक की जानकारी प्रसारित कर आमजन से सहयोग की अपील की गई।
कानपुर से मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई
13 अप्रैल 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि बालक उत्तर प्रदेश के चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC), कानपुर के पास है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम परिजनों के साथ कानपुर पहुंची और बालक को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में सामने आई यह जानकारी
पूछताछ में बालक ने बताया कि वह ऋषिकेश बस अड्डे से किसी यात्री बस में बैठकर अकेले ही कानपुर पहुंच गया था।
परिजनों ने जताया आभार
बालक की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने टिहरी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
अन्य गुमशुदाओं की तलाश जारी
SSP श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद के अन्य गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश भी लगातार जारी है।










